अलीगढ़ शहर में धार्मिक आस्था के केंद्र अचल सरोवर की ओर जाने वाली सड़कों और चौराहों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इसके लिए दिल्ली के सिविल इंजीनियर और आर्किटेक्ट की पांच सदस्यीय टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टीम ने अचल सरोवर से मदार गेट, मदार गेट से फूल चौराहे, सराफा बाजार से अब्दुल करीम चौराहा से महावीरगंज होते हुए सराय लवरिया तक पैदल भ्रमण किया। इस मार्ग को आधुनिक जन सुविधाओं से लैस बनाया जाएगा। सिविल इंजीनियर और आर्किटेक्ट की टीमों को अंडर ग्राउंड केबलिंग, स्ट्रीट लैंप, सड़क निर्माण, पुराने तारों के गुच्छों को हटाने के साथ अब्दुल करीम चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने व बारहद्वारी पर बने पुराने घंटाघर का कायाकल्प किया जाएगा।
नगर निगम के इस बोर्ड के कार्यकाल को शहरवासी विकास और कायाकल्प के नाम से याद करेंगे। अक्तूबर तक अलीगढ़ के कोने-कोने को संवारने और स्वच्छता में सुधारने का लक्ष्य रखा गया है। पुराने शहर की हालत को बदलने के लिए धार्मिक आस्था के प्रतीक अचल सरोवर की सड़कों को संवारा जाएगा। -प्रशांत सिंघल, महापौर