न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के गांधीपार्क क्षेत्र में दुबे का पड़ाव चौराहे पर शनिवार शाम नशे में धुत युवक की हरकत ने चौराहे पर जाम लगवा दिया। इस दौरान काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई, तब जाकर मामला शंात हुआ।
हुआ यूं कि कमालपुर निवासी सिक्योरिटी कंपनी में काम करने वाले राहुल नागर अपनी क्रेटा कार से जा रहे थे। तभी दुबे पड़ाव पर जाम में स्विफ्ट कार सवार ने टक्कर मार दी। जिसे नशे में स्वर्ण जयंती नगर निवासी युवक शिवम चला रहा था। राहुल ने जब विरोध किया तो शिवम ने उतरकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। वह शर्ट भी नहीं पहने था।
राहगीरों ने बीचबचाव किया तो उनके साथ भी हाथापाई-धक्का मुक्की कर दी। चौराहे पर मौजूद लैपर्ड के सिपाही आए तो उनसे भी उलझ गया। उनसे भी हाथापाई करने लगा। एक व्यक्ति ने वीडियो बनाना शुरू किया तो उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया। इस दौरान हंगामे के चलते वहां जाम लग गया। बाद में थाने से पुलिस पहुंची और आरोपी को पकड़कर ले गई। इंस्पेक्टर हरिभान सिंह राठौर के अनुसार आरोपी की कार को सीज कर दिया गया है और उस पर राहुल की ओर से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।