जिला अस्पताल का निरीक्षण करते शहर विधायक संजीव राजा और एडीएम सिटी।
- फोटो : CITY OFFICE
मलखान सिंह जिला अस्पताल के इमरजेंसी के चिकित्सक एवं सफाईकर्मी पर 1500 रुपये लेने का आरोप लगा है। एडीएम सिटी ने पूरे मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई का निर्देश सीएमएस को दिया है। जिरौली निवासी गजेंद्र अपनी पुत्री संगीता का उपचार कराने जिला अस्पताल के इमरजेंसी में पहुंचे थे। आपसी झगड़े में संगीता के सिर में चोट लगी थी। गजेंद्र का आरोप है कि ईएमओ डॉ. प्रदीप कपूर एवं सफाईकर्मी प्रदीप द्वारा खून की बोतल चढ़ाने के लिए 1500 रुपये लिए हैं।
शुक्रवार को नगर क्षेत्र के विधायक संजीव राजा, एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एसीएम प्रथम कुलदेव सिंह अचानक जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच गए। इसी दौरान चिकित्सक जिरौली निवासी गजेंद्र ने पूरे प्रकरण से अधिकारियों को अवगत कराया। विधायक एवं अधिकारियों ने वार्ड में जाकर मरीजों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और परिसर का निरीक्षण किया। कई गड़बड़ी सामने आई। विधायक संजीव राजा ने बताया कि सरकार के साथ-साथ वह जनता के सहयोग से जिला अस्पताल को और बेहतर बनाना चाहते हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रामकिशन ने कहा कि विधायक संजीव राजा ने जिला अस्पताल को काफी सहयोग किया है। एक गेट बनवाने का भी आश्वासन दिया है।
चिकित्सक एवं सफाईकर्मी द्वारा पैसे लेने के सवाल पर सीएमएस डॉ. रामकरन ने कहा कि जिला अस्पताल की छवि को किसी भी कीमत पर धूमिल नहीं होने दिया जाएगा। ऐसे मामले में शासन की मंशा के अनुरूप जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाएगी। चिकित्सक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एडीएम सिटी ने सीएमएस को संगीता का इलाज अपनी देखरेख में कराने का निर्देश दिया है।