अपराधियों पर शिकंजे के क्रम में रविवार को जिले में फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। इस बार इगलास क्षेत्र के टॉप-10 अपराधी काला तेल के अवैध कारोबार से जुड़े बबलू प्रधान की एक करोड़ सात लाख रुपये के करीब की चल-अचल संपत्तियों को पुलिस ने जब्त किया है। इन सभी पर पुलिस ने अपनी सील ठोकते हुए बोर्ड लगा दिए हैं। साथ ही तीन बैंक खाते सीज कराए हैं, जिनसे पिछले कुछ सालों में चार करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन का उल्लेख है। यह कार्रवाई गैंगेस्टर एक्ट के तहत अपराध की आय से संपत्तियां अर्जित करने के आरोप में की गई है। रविवार को कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस ने जब यह कार्रवाई की तो इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
इगलास क्षेत्र के गांव मोहकमपुर निवासी बबलू प्रधान पुत्र भगवान सिंह वर्तमान में ग्राम प्रधान है और उसकी पत्नी नीरज सिंह जिला पंचायत सदस्य भी हैं। हालांकि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने के कारण पिछले दिनों जिला प्रशासन ने उसके प्रधान के अधिकार सीज कर दिए हैं। वैसे तो बबलू इलाके में मथुरा रिफाइनरी से आने वाले काले तेल कारोबार के लिए कुख्यात है और एक दर्जन करीब आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मार्च माह में बबलू के गोदाम पर तत्कालीन एसपी देहात की अगुवाई में हुई छापेमारी में भारी मात्रा में काला तेल व अवैध शराब भी मिली थी, जिस पर बबलू पर आवश्यक वस्तु अधिनियम व आबाकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज हुआ। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद बबलू थाने से भाग गया था। बाद में 8 अगस्त को जेल गया। इसी मामले में बबलू पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जिसकी विवेचना एसओ मडराक राजीव कुमार कर रहे हैं।
पुलिस विवेचना में पाया गया कि बबलू ने आपराधिक गतिविधियों से कई करोड़ की संपत्तियां अर्जित कर ली हैं। पिछले कुछ सालों में बैंक खातों में 4 करोड़ रुपये से अधिक का आदान-प्रदान हुआ है। स्वयं व पत्नी के नाम जमीन, वाहन आदि खरीदे गए हैं। इसी पर पुलिस ने एसएसपी मुनिराज जी के निर्देश पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्त करने संबंधी प्रस्ताव बनाया, जिस पर जिलाधिकारी की अनुमति मिलने के बाद रविवार को एसडीएम एसडीएम कुलदेव सिंह, सीओ परशुराम सिंह, इगलास कोतवाल प्रदीप कुमार, एसओ मडराक राजीव कुमार पुलिस बल व राजस्व टीम के साथ बबलू की उन संपत्तियों पर पहुंचे। जहां उन्हें जब्त करते हुए उन पर सील लगाई और एसओ मडराक के उन संपत्तियों के प्रशासन होने संबंधी बोर्ड भी लगाए गए। उन पर यह चेतावनी अंकित कराई गई कि इनकी खरीद फरोख्त गैरकानूनी होगी।
ये संपत्तियां की गईं जब्त
सबसे पहले काले तेल का गोदाम निर्भया पेट्रो केमिकल्स को जब्त किया गया, जिसकी बाजारू कीमत 16 लाख रुपये अनुमानित है। इसके बाद बबलू व उसकी पत्नी नीरज सिंह के नाम अंकित कृषि भूमि गाटा संख्या 86 रकवा 0.154 हेक्टेयर, गाट संख्या 64 रकवा 0.154 हेक्टेयर, गाटा संख्या 111 रकवा 0.300हेक्टेयर व गाटा संख्या 111 रकवा 0.300हेक्टेयर को भी जब्त किया गया। जिनकी कुल बाजारू कीमत 50 लाख 93 हजार रुपये अनुमानित है। इसके अलावा 4 चौपहिया वाहनों में एक फारच्यूनर, एक स्कॉर्पियो, एक थार बुलेरो को भी जब्त करने की कार्रवाई की है, जिनकी कुल बाजारू कीमत 41 लाख रुपये अनुमानित है। हालांकि मौके पर स्कार्पियो व थार नहीं मिली हैं, जिन्हें पुलिस सोमवार को फिर लेने जाएगी। बाकी दोनों वाहनों को थाने लाकर खड़ा कर दिया गया है। वहीं एसबीआई व पीएनबी बेसवां के तीन बैंक खाते सीज कराए गए हैं, जिनसे रुपयों का आदान प्रदान हुआ है।
ये है 13 मुकदमों का क्राइम रिकार्ड
-हमला, दहेज हत्या, हत्या, हमला, सरकारी कार्य में बाधा, ईसी एक्ट, हमला, ईसी एक्ट, ईसी एक्ट, ईसी एक्ट, आबकारी एक्ट, ईसी एक्ट, हमला व आयुध एक्ट के कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं।
सियासी व पुलिस सरपरस्ती में पनपा, पहली बार तगड़ी कार्रवाई
यह सभी जानते हैं कि बबलू कए एक रिश्तेदार पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर हैं, जो गैर जनपद में तैनात हैं और स्वयं बबलू अपने कारोबार को लेकर राजनीतिक व पुलिस सरपरस्ती के लिए हमेशा जुगाड़ लगाता रहता है। इसी प्रयास में वह लगातार कई बार से प्रधान है और पत्नी जिला पंचायत सदस्य है। हालांकि उसके कारोबार पर पिछले एक दशक में अब तक कई बार पुलिस का डंडा चला। मगर इतनी तगड़ी कार्रवाई पहली बार हुई है और जेल जाने की नौबत ही पहली बार आई है। अब तक तमाम वजहों से उसे मदद मिलती रहती थी। मगर इस बार ऐसा नहीं हुआ।
इगलास के टॉप-10 अपराधी बबलू के खिलाफ गैंगेस्टर की धारा 14/1 के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है। आगे इस तरह की कार्रवाई अभी और भी प्रस्तावित हैं।-मुनिराज जी एसएसपी