क्वार्सी थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद नगर में बृहस्पतिवार देर रात विवाहित प्रेमिका को घर छोड़ने जाना सिपाही को भारी पड़ गया। महिला के परिवार वालों और मोहल्ले वालों ने उसे जमकर पीटा। बाद में आरोपी किसी तरह खुद को छुड़ाकर फरार हो गया। इस मामले में आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खैर में तैनात सिपाही के मौलाना आजाद नगर निवासी एक महिला से प्रेम संबंध हो गए। आरोप है कि 22 दिन पहले महिला घर से लापता हो गई। इसी बीच बृहस्पतिवार रात आरोपी सिपाही महिला को उसके घर छोड़ने पहुंचा। इस पर परिजनों ने विरोध किया तो सिपाही ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। यह देख मोहल्ले वाले भी एकत्र हो गए।
भीड़ ने सिपाही को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। इसी बीच सिपाही खुद को बचाकर भाग गया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही ताहिर हुसैन के खिलाफ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर छोटेलाल के अनुसार मामाले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।