कस्बे के मोहल्ला सुनारान में हुई कोचिंग सेंटर संचालक गंगाराम की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के बहनोई को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू और चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। हत्यारोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। हत्यारोपी ने बताया कि उसने अपने साले की हत्या बार-बार शादी के रिश्ते ठुकराने और अपमानित करने पर की थी।
सुखवीर पुत्र कालीचरन निवासी तालिबनगर, हाल निवासी नगला महताब ने बताया कि मेरे 3 पुत्री और एक पुत्र है। पुत्र का जन्म लगभग 8 माह पूर्व हुआ था। तब मैंने अपने साले गंगाराम से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। जरूरत पड़ने पर वह अपने साले गंगाराम से पैसे ले जाता था और वापस कर जाता था। गंगाराम की शादी के लिए कई बार रिश्ते बताए। हर बार गंगाराम मना कर देता था और कहता था कि शादी कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाली शिक्षिका से ही करेगा। गंगाराम ने मुझे रिश्ते व रुपये वापस मांगते समय कई बार अपमानित किया था।
रविवार रात को लगभग 11 बजे घर पर आया और शादी के रिश्ते की बात की। तब गंगाराम ने अपमानित करते हुए उधार ली रकम वापस मांगी। रात में गुस्से में आकर सब्जी काटने वाले चाकू से गंगाराम पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। खून से सने कपड़े उतार कर और दूसरे कपड़े पहन कर अल सुबह घर से निकल गया। इस संबंध में कोतवाली निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि बहनोई सुखवीर अपने साले गंगाराम की हत्या की थी। हत्या के बाद खून से सने कपड़े मौके पर उतार गया था और जाते समय हत्यारोपी सुखवीर गंगाराम का मोबाइल फोन ले गया था। कपड़ों और मोबाइल की लोकेशन के आधार पर सुखवीर की गिरफ्तार की।