सासनी गेट थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर में स्थित काली माता मंदिर पर सोमवार देर रात दो पक्षों में भंडारे के प्रसाद को लेकर हुए विवाद में पुजारी रामलाल शर्मा की तहरीर पर थाना पुलिस ने आठ नामजद सहित 22 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों पर जानलेवा हमले सहित मारपीट और धमकाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। इधर, हमले में घायल हुए लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
सोमवार रात करीब 11 बजे काली माता मंदिर पर महानवमी के उपलक्ष्य में मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित भंडारे के प्रसाद का वितरण किया जा रहा था। तभी वहां मोहल्ले में ही रहने वाले रामबाबूू ठेकेदार पक्ष के करीब 20 लोग पहुंच गए। उन्होंने भंडारे का प्रसाद मांगा। प्रसाद मिलने में देरी होने पर उनकी मंदिर कमेटी के कार्यकर्ताओं से बहस हो गई थी।
इस पर उन्होंने लाठी-डंडों से हमला करने के बाद पथराव कर दिया था। इसमें 11 लोगों को चोट लगी थी। मंदिर के पुजारी रामलाल शर्मा की ओर से दी गई तहरीर में रामबाबू ठेकेदार, उसकी पत्नी व पुत्रवधू सहित पंजाबी यादव, गुड्डू, जितेंद्र, प्रिया, राकेश, विजयपाल, गौतम को नामजद करने के साथ ही 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इंस्पेक्टर सासनी गेट जावेद खां के मुताबिक तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हिरासत में लिए लोगों ने पूछताछ की जा रही है।