फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : गाय के दूध से सुधरेगी जिले के अति कुपोषित बच्चों की सेहत

विज्ञापन
विज्ञापन
अब अतिकुपोषित बच्चों की सेहत को गाय के दूध से ठीक किया जाएगा। ऐसे बच्चों के परिवार में गाय पालने की जगह और साधन होंगे तो उन्हें सरकारी गोशाला से नि:शुल्क गाय दिलाई जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्र व परिषदीय स्कूल की खाली पड़ी जमीन में किचन गार्डन बनाया जाएगा। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सितंबर माह को पोषण माह के रूप में मनाया जाएगा।
विज्ञापन

यह है योजना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल में अति कुपोषित बच्चों के लिए गाय के दूध से पोषण की व्यवस्था करने का निर्णय लिया था। इसके लिए बच्चों के परिजनों को गोशालाओं से गाय दिलायी जाएगी। ये परिवार इन गायों को बाद में बेच नहीं पाएंगे।
सरकार ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए एक गाय के पालन के लिए 900 रुपये प्रति माह देने का भी एलान किया है। इसके अलावा परिषदीय स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों की खाली पड़ी जमीनों पर किचन गार्डन बनाने के लिए कहा गया है। यहां हरी सब्जियां उगायी जाएंगी।
विज्ञापन

वजन व लंबाई से होते हैं बच्चे चिह्नित
कुपोषित बच्चों को उनके वजन व लंबाई के आधार पर चिह्नित किया जाता है। आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उनकी सेहत की देखभाल की जाती है। बच्चों के माता- पिता को भी बच्चों की सेहत के प्रति सजग किया जाता है।
डीपीओ श्रेयस कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान में आंगनबाड़ी केंद्रों पर 4368 बच्चे कुपोषित बच्चे के रूप में चिह्नित किए गए हैं, जिनमें से करीब चार हजार बच्चे स्वस्थ हो चुके हैं। करीब 368 बच्चे अतिकुपोषित हैं, जबकि 300 बच्चे कुपोषित श्रेणी में हैं।
उन्होंने बताया कि अति कुपोषित बच्चों को स्वस्थ करना कड़ी चुनौती होता है। उधर सीवीओ डॉ. सीबी सिंह ने बताया कि शासन स्तर से कुपोषित बच्चों के परिजनों को गाय देने के बारे में स्पष्ट निर्देश मिले हैं। निर्देशों के अनुसार ही काम किया जा रहा है।
पिछले साल भी 18 गाय कुपोषित बच्चों के परिजनों को दी गई हैं और उन्हें हरेक माह देखरेख के खर्चे के रूप में 900 रुपये भी प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधानों से भी इस कार्य में सहयोग लिया जाएगा। गोशालाओं में संरक्षित दुधारू गायों के माध्यम से बच्चों को कुपोषण से मुक्त किया जाएगा।
ब्लॉक वार तैयार होगी सूची
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने ब्लॉक वार कुुपोषित बच्चों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कुपोषित बच्चों को चिह्नित करते हुए उनके परिजनों को गोशाला से एक - एक गाय दी जाएगी, ताकि वह गाय का पालन करते हुए दूध, दही का सेवन करते हुए बच्चे को कुपोषण से मुक्ति दिला सकें। डीएम ने विकास कार्यों की बैठक के दौरान अधिकारियों को यह आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें