अलीगढ़ के छेरत आइसोलेशन सेंटर में क्वारंटीन किए गए कोरोना वायरस के एक संदिग्ध मरीज ने अस्पताल कर्मियों और पुलिस की नाक में दम कर दिया। संदिग्ध मरीज बुधवार सुबह आइसोलेशन वार्ड से भागने की तैयारी में था।
उसने पूरी तरकीब लगाकर आइसोलेशन वार्ड की छत की खिड़की से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मीयों की मुस्तैदी के कारण सफल नहीं हो सका। उसे दबोचकर वापस वार्ड में लाने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली।
मालूम हो कि अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले जांच में पाए गए हैं। इनमें नोएडा के चार, कासगंज के तीन और मथुरा का एक मामला है। पिछले 24 घंटों में 124 मामले संक्रमण की जांच के लिए आए थे, जिनमें से आठ पॉजिटिव मिले।
कासगंज में पॉजिटिव केस मिलने का यह पहला मामला है। जेएन मेडिकल कॉलेज में अब तक कुल 1,912 सैंपल जांच के लिए आ चुके हैं, जिनमें से 80 पॉजिटिव पाए गए हैं। एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई ने बताया कि अब तक जो भी केस पॉजिटिव मिले, उनमें सबसे अधिक 57 मामले नोएडा के हैं।
वहीं रामपुर के सात, हाथरस के चार, मथुरा के चार, कासगंज के तीन, बुलंदशहर के दो, आगरा का एक, बदायूं का एक, मुरादाबाद का एक और एक पॉजिटिव केस अलीगढ़ का है। एक केस अलीगढ़ में पॉजिटिव मिलने के बाद अब तक कोई नया मामला सामने नहीं आया है।