विकास भवन में कोरोना अटैक से हड़कंप मचा हुआ है। डीआरडीए के अवर अभियंता एवं नाजिर के पॉजिटिव मिलने के बाद डीएम ने विकास भवन के सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों की सैंपलिंग के आदेश दिए हैं। बृहस्पतिवार को विभिन्न विभागों के कार्मिकों का नमूना लिया गया।
विकास भवन में कोरोना संक्रमण की शुरुआत जिला ग्राम्य विकास विभाग में कार्यरत कर्मचारी एवं सीडीओ के नाजिर की पत्नी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने से हुई। इसके बाद विभाग के अवर अभियंता पॉजिटिव निकले। संदेह होने पर नाजिर का परीक्षण हुआ तो वह भी पॉजिटिव निकले। इससे हड़कंप मच गया। दो दिन पूर्व पीडी डीआरडीए समेत आठ कर्मचारियों का परीक्षण कराया गया। इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही।
इसके बावजूद एहतियातन सभी विभागों के कर्मचारियों के कोरोना परीक्षण कराये जाने के आदेश दिये गए हैं। जिला विकास अधिकारी जनार्दन प्रसाद यादव ने बताया कि विकास भवन के कुछ कार्मिकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए विकास भवन के सभी अधिकारी एवं कार्मिकों का कोरोना टेस्ट कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार को दो दर्जन से अधिक कर्मचारियों का परीक्षण कराया गया। उन्होंने सभी कार्मिकों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये मास्क पहनने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने, दिन में कम से कम पांच बार साबुन से अच्छे से धोने एवं साफ-सफाई का ध्यान रखने की अपील की।
मंडलीय खरीफ गोष्ठी 15 जून को
अलीगढ़। कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में मंडलीय खरीफ गोष्ठी 15 जून को दोपहर डेढ बजे से होगी। डीएम ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा एवं अलीगढ़ मंडल की संयुक्त रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक एवं प्रगतिशील किसानों का संवाद होगा। जिलास्तर पर गोष्ठी का आयोजन कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी में किया जाएगा।
दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों का दस दिवसीय प्रशिक्षण बृहस्पतिवार से आरंभ हो गया। प्रशिक्षण प्रदाता बोंसन इंस्टीट्यूट ऑफ इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी रामघाट रोड़ अतरौली द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख अतरौली केहरी सिंह राजपूत और भाजपा महानगर उपाध्यक्ष मानव महाजन ने किया। लाभार्थियों को आरपीएल किट का वितरण भी किया। इस मौके पर जिला समन्वयक नवाब सिंह, मनीष शर्मा, पंकज धीरज, अरविंद पंडित, ब्रह्मचारी, गेंदालाल, शिशुपाल सिंह, एसके कौशिक, फैजान आदि उपस्थित थे।