न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए शुरू की गई सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लापरवाही की भेंट चढ़ रही है। राशन डीलरों तक खाद्यान्न बारिश में भीगते हुए पहुंचाया जा रहा है। सरकार की ओर से राशन डीलरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को हर माह गेहूं-चावल के साथ रिफाइंड, चना एवं नमक भी बांटा जा रहा है।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए शुरू की गई सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था लापरवाही की भेंट चढ़ रही है। राशन डीलरों तक खाद्यान्न बारिश में भीगते हुए पहुंचाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर शनिवार को वायरल वीडियो में राशन का भीगा हुआ चावल दिख रहा है। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने भीगे चावल की आपूर्ति पर रोक लगा दी है।
उन्होंने ठेकेदारों को चेतावनी दी है कि बारिश में सुरक्षा उपायों के साथ ही राशन की आपूर्ति की जाए। खराब और भीगे राशन को डीलरों के यहां न भेजा जाए। सरकार की ओर से राशन डीलरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को हर माह गेहूं-चावल के साथ रिफाइंड, चना एवं नमक भी बांटा जा रहा है। अब तक ब्लॉक स्थित गोदामों से डीलरों को राशन दिया जाता था। अब शासन ने सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी की व्यवस्था की है।
राशन दुकानों पर ठेकेदारों के माध्यम से राशन भेजा जा रहा है। बारिश में भी ठेकेदार भीगते हुए राशन को पहुंचा रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने बताया कि अतरौली में एक राशन दुकान पर भीगा राशन भेजे जाने का मामला जानकारी में आया है। इसको लेकर ठेकेदार को राशन की आपूर्ति करने पर रोक लगा दी गई है।