जलभराव का निरीक्षण करते नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा
- फोटो : स्वयं
जलनिकासी के दावों पर फिरा पानी, पहली तेज बारिश में शहर जलमग्न
मानसून की पहली तेज बारिश ने शहर में करोड़ों रुपये से हुए विकास कार्यों और जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। कुछ ही घंटों की बारिश में प्रमुख चौराहों, बाजारों और कई आवासीय कॉलोनियों में पानी भर गया।
बारिश के कारण मुख्य सड़कों से लेकर आवासीय क्षेत्रों तक पानी भर गया। शाहजमाल समेत कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुस गया। कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए। शहर का शाहजमाल व ईदगाह रोड बारिश से लबालब हो गया। यहां कई घरों व दुकानों में पानी घुस गया।
इसके अलावा तुर्कमान गेट, देहलीगेट, खैर बाईपास रोड, मैलरोज बाईपास, मैरिस रोड, रामघाट रोड पर गांधी नेत्र चिकित्सालय, सेंटर प्वाइंट, गुरुद्वारा रोड, छर्रा अड्डा, गोविंद नगर, आगरा रोड, सासनीगेट, एटा चुंगी, नौरंगाबाद, नगला मान सिंह, नगला पटवारी, डालचंद नगला, धनीपुर में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। नालों की समय पर सफाई न होने और जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से बारिश का पानी घंटों तक सड़कों पर जमा रहा।
जयगंज रोड पर बारिश से जलभराव, शाहजामाल एडीए में पानी-पानी
- फोटो : संवाद
दलदल में फंस गई महापौर की गाड़ी
नगर निगम ने ढाई करोड़ रुपये से नालों की सफाई और मानसून की तैयारियों के दावे किए थे, लेकिन पहली ही तेज बारिश में इन दावों की हकीकत सामने आ गई। रघुवीरपुरी इलाके में कीचड़ व दलदल के चलते महापाैर प्रशांत सिंघल की गाड़ी फंस गई।
माली नगला व कुंवर नगर में जलभराव, प्रदर्शन की चेतावनी
वार्ड-62 के माली नगला, कुंवर नगर कॉलोनी के निवासी जलभराव और खराब सड़कों से परेशान हैं। उन्होंने महापौर और पार्षद के कार्यालयों में कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला है। लोगों ने अब प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
लोगों का कहना है कि पार्षद ने सड़क बनाने के लिए पैसा आने का दावा किया है, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। कुंवर नगर कॉलोनी में एस्टीमेट बनने के बाद भी गलियां नहीं बनी हैं। उन्होंने कहा कि यदि महापौर स्वयं आकर स्थिति का निरीक्षण नहीं करते हैं, तो वे मजबूर होकर उनके कार्यालय जाएंगे।