अलीगढ़: देहली गेट थाना क्षेत्र कैलाश गली में मृतक भीम सिंह उर्फ भीमा का शव सड़क पर रखकर विलाप करते
- फोटो : CITY OFFICE
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के देहली गेट की तमंचा फैक्टरी में मंगलवार को हुए विस्फोट के बाद तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी इलाके में शोक और कोहराम के हालात बने रहे। दोपहर में पांचवां शव जब पहुंचा तो महिलाओं की करुण क्रंदन करती भीड़ को संभाल पाना मुश्किल हो रहा था। इसे लेकर वहां एहतियातन फोर्स तैनात की गई थी। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। इधर, इस मामले में पुलिस प्रशासनिक जांच अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। जब्त किया गया हाइड्रोलिक कंप्रेशर फॉरेंसिक जांच के लिए भिजवा दिया गया है। संकेत हैं कि शुक्रवार को जांच टीम भी आ सकती है। वहीं, शुक्रवार को इस विषय में एक बैठक भी होनी है। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
खटीकान मोहल्ला स्थित तमंचा फैक्टरी में मंगलवार को तेज धमाका हुआ था। इस धमाके में पहले दिन फैक्टरी मालिक मनोज, उनके भाई विक्की, चचेरे भाई अभिषेक व मजदूर पंकज की मौत हो गई थी। बुधवार को तीनों भाइयों का एक साथ व पंकज का सासनी गेट इलाके में अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे के बाद बृहस्पतिवार को भी फैक्टरी मालिक के घर लोगों की आवाजाही जारी रही और संवेदनाएं व्यक्त करने का दौर चलता रहा।
दोपहर बाद हादसे में पांचवें मृत फैक्टरी कारीगर भीमा का शव कैलाश गली पहुंचा तो माहौल और गमगीन हो गया। एकाएक महिलाओं की भीड़ वहां जमा हो गई। पुलिस किसी अंदेशे पर एकत्रित हो गई और परिवार के लोगों के साथ खड़े होकर आनन-फानन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। वहीं तीन अन्य घायलों का अभी जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। इनकी हालत स्थिर बनी हुई है। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह के अनुसार कंप्रेशर आगरा भिजवा दिया गया है। इस मामले में शुक्रवार को सभी जांच टीमों से चर्चा होगी। इसके बाद किसी तरह का निर्णय लिया जाएगा।