न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
अब चंडौस के एक हेड मुहर्रिर का रिश्वत मांगते का और तीन दरोगाओं का खुलेआम ढाबे पर खाना खाते समय शराब पीने के अलग-अलग वीडियो वायरल हुए हैं। इस पर प्रभारी एसएसपी ने हेड मुहर्रिर को निलंबित कर दिया है, जबकि तीनों दरोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया है।
हेड मुहर्रिर सुखदेव यादव से जुड़े वायरल वीडियो की जांच में सामने आया कि थाने में दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में पांच आरोपी थे। मई माह में आरोपी पक्ष का व्यक्ति हेड मुहर्रिर से बात करते हुए वीडियो में कैद है। बातचीत में हेड मुहर्रिर 50 हजार रुपये प्रति व्यक्ति नाम निकालने के मांगता दिख रहा है। उस समय क्या हुआ, यह तो जांच का विषय है। मगर जब मुकदमे में पांचों नामजदों के खिलाफ चार्जशीट दायर कर दी गई तो अब यह वीडियो वायरल कर दिया गया। वीडियो संज्ञान में आते ही हेड मुहर्रिर को निलंबित कर दिया गया है।
इधर, चंडौस थाने के ही तीन दरोगा संजीव, ब्रह्मपाल व जयकृष्ण शुक्रवार रात एक ढाबे पर बैठकर खाना खाते समय शराब पी रहे थे। किसी ने उनका शराब पीते वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए तीनों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। प्रभारी एसएसपी-एसपी सिटी अभिषेक ने दोनों कार्रवाई की पुष्टि की है।