विकास भवन के इतिहास में सीडीओ प्रखर सिंह पहले ऐसे अधिकारी होंगे, जो बेहद सादगीपूर्वक विवाह करेंगे। शादी में खर्च होने वाली रकम का कुछ हिस्सा गरीब लड़कियों की शिक्षा के लिए खर्च करेंगे।
अलीगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह बेहद सादे तरीके से पांच लोगों के बीच जयपुर में डीएफओ निधि चौहान के साथ शादी रचाएंगे। उन्होंने कोर्ट मैरिज के लिए जयपुर के एडीएम चतुर्थ के कोर्ट में आवेदन भी कर दिया है। अब तारीख का इंतजार है। निधि चौहान जयपुर (राजस्थान) के गंगापुर की रहने वाली है।
विज्ञापन
रामपुर जिले के रहने वाले प्रखर कुमार सिंह 2021 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। पिता केदार सिंह सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत हैं तो मां सविता देवी अध्यापिका हैं। रुड़की आईआईटी में पढ़ाई के दौरान उनकी मुलाकात निधि चौहान से हुई थी। वर्तमान में निधि चौहान फारेस्ट डिविजन भोपाल में डीएफओ के पद पर कार्यरत हैं। मुलाकातों का दौर जारी रहा और दोनों ने विवाह बंधन में बंधने का निर्णय लिया। दोनों अधिकारियों ने मार्च में जयपुर में विवाह अधिकारी एडीएम चतुर्थ के समक्ष विशेष विवाह अधिनियम के तहत आवेदन किया है। अब तारीख का इंतजार है।
विकास भवन के इतिहास में सीडीओ प्रखर सिंह पहले ऐसे अधिकारी होंगे, जो बेहद सादगीपूर्वक विवाह करेंगे। इसके बाद रामपुर स्थित आवास पर कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। शादी में खर्च होने वाली रकम का कुछ हिस्सा गरीब लड़कियों की शिक्षा के लिए खर्च करेंगे।