दुबई से लौटे भाई-बहन कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनके संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया गया है। जनपद में अब सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। लाल डिग्गी निवासी एक परिवार के सदस्य चंद रोज पहले दुबई से आए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उनका नमूना लिया गया था। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय के लैब से रिपोर्ट आने के बाद चिंता बढ़ गई है।
21 वर्षीय युवती एवं 14 वर्षीय किशोर संक्रमित पाए गए हैं। दोनों भाई-बहन हैं। अब परिवार के संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जा रहा है। इससे पूर्व सऊदी अरब से आए एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए थे। उससे पहले एएमयू के एक प्रोफेसर संक्रमित हुए थे। नाइजीरिया से वापस आया युवक के अतिरिक्त गोवा से लौटी महिला भी संक्रमितों में शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सावधान रहने की जरूरत है। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। अब तक जिले में संक्रमित लोगों की संख्या 21292 पहुंच गई है। सीएमओ आनंद उपाध्याय ने कहा कि जो भी लोग कोविड रोधी टीका से वंचित है, वह जरूर टीका का खुराक लें। समय पर दूसरी खुराक लेना न भूलें। टीका से ही कोविड को पराजित किया जा सकता है।