इगलास (अलीगढ़) थाना क्षेत्र में बेसवां-मुरसान रोड के एक गांव से तीन दिन से लापता 11 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गई। पुलिस को एक खेत से अधजला शव मिला है। शव को वहीं खेत में दबा दिया गया था।
अंदेशा है कि हत्या से पहले बालक संग कुकर्म किया गया। पुलिस ने बालक के परिवार के करीबी युवक को हिरासत में लेकर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। शुक्रवार देर शाम शव बरामद कर आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक देहात अमृत जैन के अनुसार गांव के किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाला 11 वर्षीय बालक तीसरी कक्षा का छात्र था। दो भाइयों में छोटा बालक मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक गायब हो गया।
देर शाम तक जब वह घर नहीं आया तो परिवार ने उसकी खोज शुरू करते हुए बुधवार को गुमशुदगी दर्ज कराई। विवेचना करते हुए बहादुरपुर क्षेत्र के प्रभारी दरोगा ने बच्चे के गायब होने के संबंध में सभी पहलू देखे। मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच बृहस्पतिवार शाम को गांव के ही परिवार के बेहद करीबी 24 वर्षीय युवक मनोज पर पुलिस को उसकी हरकतों से संदेह हुआ। इस संदेह के आधार पर उसे शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया। पहले तो वह पुलिस को बरगलाता रहा। मगर देर शाम वह टूट गया।
उसने बालक की बाजरे के खेत में ले जाकर हत्या करने, शव को केरोसिन डालकर जलाने व गड्ढा कर शव दबा देना स्वीकारा। इसी आधार पर देर शाम पुलिस ने शव बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अभी पूछताछ में आरोपी काफी कुछ छिपा रहा है। बालक के साथ हत्या से पहले कुकर्म का भी पुलिस व परिवार को अंदेशा है। इसलिए पूछताछ व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर काफी कुछ स्पष्ट होगा।