नगर निगम सीमा में 13 और नए गांव शामिल होने की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा के कोल क्षेत्र के विधायक अनिल पाराशर के प्रस्ताव और नगर विकास मंत्री की सहमति पर शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। अब शासन स्तर से इन गांवों को नगर निगम में शामिल करने पर अधिसूचना जारी की जानी है।
पिछले शासन काल में अलीगढ़ नगर निगम सीमा में सीमा विस्तार के क्रम में 19 गांव शामिल किए गए थे। उन गांवों में नगर निगम स्तर से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इस सीमा विस्तार में कई गांव ऐसे रह गए, जो शहरी सीमा के करीब हैं। इनको शामिल करने के लिए जिलाधिकारी व नगर निगम स्तर से मंडलायुक्त की संस्तुति सहित 13 गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव शासन में मांगा था। यह ब्योरा प्रस्ताव सहित शासन को भेज दिया गया है।
जिन 13 गांवों को शामिल करने संबंधी प्रस्ताव मांगा था, वह भेज दिया गया है। हालांकि पूर्व में भी भेजा गया था। लेकिन कुछ कमियां रह गईं थीं। अब कमियों को सुधारकर प्रस्ताव भेजा है। अधिसूचना संबंधी निर्णय शासन स्तर से लिया जाना है ।- अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त
ये 13 और गांव होंगे शामिल:-
-सिंधौली, अलीनगर, पानखानी, भदेसी माफी, पड़ियावली, भकरौला, आसना, बढ़ौली फतेह खां, रुस्तमपुर सकत खां, नगला मंदिर, हाजीपुर चौहट्टा, दौलारा निरपाल, खेड़िया ख्वाजा बुद्धा।