कोल तहसील क्षेत्र के गांव मुकंदपुर स्थित वन चेतना केंद्र के पीछे बने गोदाम से राशन की कालाबाजारी करने का मामला पकड़ में आया है। यहां छापे में बरामद 136 क्विंटल चावल को जब्त करते हुए आरोपी राशन माफिया एवं गोदाम स्वामी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिले में सरकारी राशन के चावल की कालाबाजारी कम होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसा ही एक मामला बुधवार को कोल तहसील के गांव मुकंदपुर स्थित वन चेतना केंद्र के पीछे बने गोदाम का सामने आया है। आरोप है कि यहां पर राशन की कालाबाजारी का खेल चल रहा था।
डीएसओ शिवाकांत पांडेय एवं मंडी सचिव वीके चंदेल के निर्देश पर पूर्ति विभाग के एआरओ लालजी पाल, पूर्ति निरीक्षक पीयूष कुमार गौतम, मंडी निरीक्षक एवं मडराक पुलिस टीम के साथ छापेमार कार्रवाई की। यहां अमरपाल सिंह के गोदाम में करीब 136 क्विंटल चावल बरामद हुआ।
टीम ने बरामद चावल को जब्त कर स्थानीय राशन डीलर के सुपुर्द कर दिया। डीएम की अनुमति के बाद गोदाम स्वामी एवं राशन मालिक अमरपाल सिंह के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, सोमवार को अकराबाद क्षेत्र के पिलखना में करीब 206 क्विंटल राशन का चावल पूर्ति विभाग की टीम ने पकड़ लिया। यह चावल छर्रा से दिल्ली ले जाया जा रहा था। पूर्ति विभाग की की ओर से राशन स्वामी हासिम एवं तंजीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।