क्वार्सी क्षेत्र की गणेशधाम कॉलोनी के घरों में काम करने वाली महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इस जानकारी पर मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, गणेश धाम कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय रानी घरों में काम करती थी। बुधवार को वह इंजीनियरिंग कॉलोनी में ज्ञानेश के घर में काम कर रही थी। इसी बीच जमीन पर गिरकर अचेत हो गई। तत्काल उसे रामघाट रोड के एक अस्पताल में लाया गया, मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को शांत किया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। महिला दो बच्चों की मां थी। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार प्रकरण में जांच की जा रही है।