नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में भाजपा एवं दूसरे कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने धारा 144 तोड़कर सेंटर प्वाइंट चौराहे पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पाठ के दौरान पुलिसकर्मी वहां झांकने तक नहीं पहुंचे। पाठ के बाद चौराहे पर जयश्री राम, हर-हर महादेव के साथ एएमयू की गुंडागर्दी नहीं चलेगी की नारे भी लगे।
शासन द्वारा रास्ते एवं चौराहे पर धार्मिक आयोजन की मनाही है। लेकिन सत्ताधारी पार्टी के लोग ही इसकी परवाह नहीं करते। मंगलवार शाम को कई भाजपा नेता विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अचानक शहर के हृदय स्थल सेंटर प्वाइंट पर पहुंच गए। टीकाराम मंदिर में हनुमान मंदिर के सामने दीप जलाकर पोस्टर के साथ सेंटर प्वाइंट चौराहे पर पहुंच गए।
बीच सड़क पर दर्जनों लोगों ने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। पाठ के बाद चौराहे पर नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में नारेबाजी की।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिसकर्मी पहुंचे। इसके साथ ही जय श्रीराम, हर-हर महादेव, वंदे मातरम, भारत माता की जय और एएमयू की गुंडागर्दी नहीं चलेगी आदि नारे लगाए। पाठ में भाजपा के जिला महामंत्री गौरव शर्मा, अन्नू आजाद, जिला प्रवक्ता डॉ. निशित शर्मा, नरेंद्र सिंह, अखिल भारत हिंदू सेना के दीपक शर्मा आजाद, क्षत्रिय महासभा के ठाकुर शैलेंद्र सिंह, ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, सौरभ पंडित, शिवम अग्रवाल, शीलू ठाकुर, हिंदू युवा वाहिनी के आदित्य पंडित, भारत गोस्वामी, विक्रांत जौहरी, लवली चौहान आदि शामिल थे।
144 तो जुमे के दिन भी लगा होता है। मंगलवार को हमारा दिन होता है। नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में हमलोगों ने सेंटर प्वाइंट चौराहे पर बैठकर हनुमान चालीसा पाठ किया।
- डॉ. निशित शर्मा, मीडिया प्रभारी, भाजपा अलीगढ़