अलीगढ़ महानगर के रामघाट रोड पर रंगबाज बाइकर्स द्वारा की गई सनसनीखेज वारदात के बाद इन बाइकर्स पर शिकंजे के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। रविवार को इसी कड़ी में ऑपरेशन शुद्धि नाम से एक अभियान शुरू किया जा रहा है। जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, हुड़दंग करना, स्टंट करना, छींटाकशी करना किसी को भी महंगा पड़ेगा। इस अभियान में ऐसे 50 अड्डे भी चिह्नित किए हैं, जहां 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी और थाना प्रभारी भी निगरानी करेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया किऑपरेशन शुद्धि के तहत शराब पीने के लिए बदनाम स्थल/ चौराहा चिह्नित किए गए हैं। जहां खुले में शराब का सेवन करने, रंगबाजी दिखाने, जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेडख़ानी आदि के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन इलाकों को लेकर सभी सीओ, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी व बीट प्रभारी भी सक्रिय रहेंगे। अभी तक 27 अड्डे चिह्नित किए गए हैं। कुल 50 ऐसे अड्डे चिह्नित करने हैं। जहां किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सीधे कार्रवाई होगी।
शहर में ये स्थान चिह्नित
धनीपुर मंडी के आसपास, तस्वीर महल चौराहा के पास ठेका, रेलवे स्टेशन के आस-पास, सारसौल बस स्टैंड के आस-पास, पुराना बस अड्डा के आस-पास, कठपुला पुल के आस-पास, सुरक्षा विहार तिराहा, कबरकुत्ता के सामने नई रेलवे बिल्डिंग, नगला मान सिंह पुलिया, नगला पटवारी, ओलएफ स्कूल के सामने एडीए का खाली प्लाट, मधेपुरा तिराहे के पास देशी शराब का ठेका, तुर्कमान गेट देशी शराब का ठेका, खैर रोड पेट्रोल पंप से पहले अंग्रेजी व देशी शराब ठेका
देहात में ये स्थान चिह्नित
जलाली मोड़, छर्रा अड्डा अतरौली, अलीगढ़ अड्डा अतरौली, गोरई मोड़ गोंडा, इगलास चौराहा, मथुरा रोड के पास गंदा नाला चौकी आसना, पिलखना चौराहा, सीहोर बंबा, बरला मोड़, आलमपुर के पास, गंगीरी चौराहा, फौजी ढाबा दादों, जरतौली मोड़ टप्पल