अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार शाम महापंचायत में शामिल होने आए गो रक्षा दल के सचिन राघव पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ गया है। हमले के बाद पुलिस द्वारा एक युवक को हिरासत में लिए जाने के विरोध में दूसरे पक्ष के लोग थाना सिविल लाइन पर धरने पर बैठ गए हैं। तनाव की सूचना मिलते ही एसपी सिटी आदित्य बंसल समेत भारी पुलिस बल और अन्य उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक के सामने आयोजित सवर्ण महापंचायत में गो रक्षा दल से जुड़े सचिन राघव शामिल होने आए थे। बुधवार शाम करीब 6:30 बजे सचिन अपने साथियों सुंदर सिंह राघव, अनमोल भारद्वाज, जय और प्रह्लाद के साथ स्टेट बैंक के पास खड़े होकर चीला खा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान वहां अचानक भीड़ एकत्र हो गई और किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। बात बढ़ने पर उपद्रवियों ने सचिन राघव को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे उनके कंधे और पसलियों में गंभीर चोटें आईं। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी और इसी क्रम में एक युवक को हिरासत में लिया गया।
पुलिस द्वारा एक युवक को हिरासत में लिए जाने से दूसरा पक्ष आक्रोशित हो गया और देखते ही देखते थाने के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग हिरासत में लिए गए युवक के विरोध में नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी आदित्य बंसल तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर बातचीत की जा रही है। स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।