फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : अंडला के बाद इगलास में स्थापित होगी डिफेंस कॉरिडोर की दूसरी यूनिट

विज्ञापन
विज्ञापन
अंडला में तैयार हो रहे डिफेंस कॉरिडोर के साथ ही उसके विस्तारीकरण की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। ऐसे में बेसवां स्टेट के राजा कुंवर महेंद्र सिंह ने प्रशासन को अपनी इगलास के नयाबांस, बहादुरपुर की 100 एकड़ जमीन को दान देने की पेशकश प्रदेश सरकार के सामने रखी है। पेशकश के आधार पर शासन से जिलाधिकारी को पत्र मिला है। शासन के निर्देश पर डीएम ने एडीएम वित्त एवं राजस्व को जमीन का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो अंडला के बाद इगलास में डिफेंस कॉरिडोर की दूसरी यूनिट विस्तारीकरण योजना के तहत तैयार की जाएगी।
विज्ञापन

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के तहत जिले के अंडला में 45 हेक्टेयर जमीन पर परिसर तैयार किया जा रहा है। साथ ही अभी आसपास की कुछ अन्य जमीनों के भी बैनामे किसानों से कराए जा रहे हैं। सरकार भविष्य में इस डिफेंस कॉरिडोर का विस्तार करने पर प्लान तैयार कर रही है। इसके लिए जिले में प्रशासन की ओर से अन्य स्थानों पर जमीनों की तलाश कराई जा रही है। इसकी जानकारी होने पर पिछले दिनों बेसवां स्टेट के कुंवर महेंद्र ने प्रदेश सरकार को एक पत्र लिख अपनी इगलास ब्लाक के गांव नयाबांस, बहादुरपुर बेसवां की 100 एकड़ जमीन को दान देने की पेशकश रखी है।
इसके आधार पर शासन ने जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह को पत्र लिख जमीन का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने एडीएम वित्त को जमीन के सत्यापन का जिम्मा सौंपा है। कुंवर महेंद्र सिंह ने बताया कि सरकार रक्षा के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना होने से रोजगार के अवसर पैदा होंगे। भारत रक्षा क्षेत्र में भविष्य में और अधिक मजबूत स्थिति में होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें