न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
बीते सप्ताह से चंदपा की बिटिया के समर्थन में हो रहे विरोध प्रदर्शन, रैली आदि की वजह से जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था को देखते हुए सोमवार को सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। भाजपा, बसपा, सपा, कांग्रेस, आप के पदाधिकारी इस बैठक में शामिल हुए। डीएम ने साफ तौर पर कहा कि लोकतंत्र के दायरे में रहकर वह विरोध करने के लिए आजाद हैं। मगर, विरोध प्रदर्शन, धरना, रैली के लिए पहले प्रशासन से अनुमति लेनी होगी।
कलक्ट्रेट सभागार में हुई सर्वदलीय बैठक में डीएम चंद्रभूषण सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक करते हुए कहा कि अलीगढ़ में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी सहयोग करें और जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ पुलिस-प्रशासन कार्रवाई करेगा। धरना प्रदर्शन व ज्ञापन के लिए जिला प्रशासन द्वारा तस्वीर महल चौराहे पर राजा महेंद्र प्रताप पार्क चिन्हित किया गया है। बिना अनुमति के धरना, प्रदर्शन, रैली नहीं होने दी जाएगी। एसपी क्राइम डा. अरविंद कुमार ने कहा कि सभी लोकतांत्रिक दायरे में रहकर कार्य करें। प्रदर्शन में भाषा की मर्यादा व शालीनता बनाएं रखें। इस पर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को आश्वस्त किया कि वह जिला प्रशासन का सहयोग अवश्य करेंगे।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, पूर्व महापौर शकुंतला भारती, बीएसपी जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह, विजेंद्र, विक्त्रस्म सिंह, कांग्रेस से श्यौराज जीवन, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष भानुप्रताप, सपा से मनोज यादव, रतनाकर पांडे, रंजीत, आम आदमी पार्टी जिलाध्यक्ष परवेज अली, नदीम आदि मौजूद रहे। वहीं, अधिकारियों में एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह, एसीएम 2 रंजीत सिंह, एसीएम प्रथम अंजुम बी मौजूद रहीं।