फर्जी तरीके से कब्जा कर बेची गई करोड़ों रुपए की बंधक भूमि की जांच करने पहुंची एडीए की टीम ।
- फोटो : CITY OFFICE
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विकास कार्य के लिए बिल्डर से बंधक रखी गई करोड़ों रुपये की भूमि के कब्जाने और फ र्जी तरीके से बेचे जाने के मामले में एडीए ने शिकायतों के बाद सक्रियता दिखानी शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी और एडीए वीसी से की गई शिकायतों के बाद शनिवार को एडीए की टीम रॉयल होम्स कॉलोनी ताला नगरी पहुंची। यहां 8 मकानों, नर्सरी स्कूल, दुकानों की जगह व खाली पड़ी भूमि पर कब्जे की फोटो खींची।
इसी दौरान जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के युवा जिला अध्यक्ष व रॉयल होम्स कल्याण समिति के सचिव तरुण प्रताप सिंह व कॉलोनी के लोगों ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की कि जब यह बंधक भूमि कॉलोनी के विकास कार्य व विद्युतीकरण के लिए रखी गई थी तो किस आधार पर और किसकी शह पर इस भूमि का फ र्जी तरीके से बैनामा किया गया और लोगों को कब्जा दिया गया। इस पर एडीए के जेई मनोज द्विवेदी ने बताया कि वह इसकी जांच को आए हैं कि कौन-कौन सी भूमि नक्शे के आधार पर बंधक रखी गई थी। जल्द प्रॉपर्टी कब्जा करने वाले और बेचने वालों को नोटिस भेजा जाएगा और एफ आईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान कॉलोनी वासियों ने कॉलोनी में पानी निकासी न होना सड़क व नाली की खराब व्यवस्था और अवैध तरीके से कॉलोनी के पास ही बसाई जा रही कॉलोनियों का मुद्दा भी उठाया। जेई मनोज द्विवेदी ने कहा कि इसकी शिकायत एडीए उपाध्यक्ष से करें। जल्द बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान नीरज शर्मा, मयंक शर्मा, बिन्नामी सिंह, सुनील कुमार, अनिल सक्सेना, राजीव गुप्ता, मनोज शर्मा आदि मौजूद रहे।