अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, अलीगढ़ मंडल के ड्राइवर और सीएमओ कार्यालय के बाबू सहित 17 लोग रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। देर रात रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई।
महामारी रोग विशेषज्ञ की एक साल की पुत्री भी लखनऊ में संक्रमित पाई गई है। उसे अलीगढ़ लाया जा रहा है। जनपद में अब कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 469 तक पहुंच गई है।
जेएन मेडिकल कॉलेज एवं निजी लैब से देर रात रिपार्ट आने के बाद सबसे अधिक खलबली स्वास्थ्य विभाग में है। स्वास्थ्य विभाग के मंडल के सबसे बड़े अधिकारी और सीएमओ कार्यालय तक संक्रमण की चपेट में आ गया है।
संक्रमितों को कोविड हॉस्पिटल एवं उनके परिजनों को क्वारंटीन किया जा रहा है। मरीजों के घर के आसपास के एरिया को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि सभी मरीजों आइसोलेट कराने के निर्देश दिए गए हैं।