महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु व पूर्वोतर में कोरोना केसों की संख्या अधिक बढने से जिला प्रशासन सहित रेलवे में अलर्ट घोषित किया गया है। डीएम ने ट्रेनों व बसों के जरिये बाहर से आने वालों को कोरोना जांच के बाद ही जिले में प्रवेश देने का आदेश दिया है। इसको लेकर रेलवे ने दिल्ली सहित अन्य स्थानों से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों की एक बार फिर से कोरोना जांच शुरू करा दी है।
दिल्ली की ट्रेनों पर मुख्य फोकस है। दरअसल, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु व पूर्वोतर राज्यों से सीधे अलीगढ़ आने वाली ट्रेनें नहीं हैं। इन राज्यों से अलीगढ़ आने वाले लोग पहले दिल्ली और उसके बाद अलीगढ़ आते हैं। ऐसे में दिल्ली से आने वाली ट्रेनों के यात्रियों पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि प्रशासन ने जिले के सभी बॉर्डर पर टीमें भी तैनात की हैं। जिले में दिल्ली से आने वालों की गभाना, दिल्ली व हरियाणा से आने वालों की खेरेश्वर चौराहा, एटा जिले से आने वालों की गोपी, कासगंज से आने वालों की गंगीरी, हाथरस-आगरा से आने वालों की मडराक, मथुरा से आने वालों की इगलास व बुलंदशहर से आने वाले लोगों की अतरौली बॉर्डर पर ही कोविड जांच की व्यवस्था की गई है। रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस अड्डों पर कोरोना जांच की व्यवस्था फिर से प्रभावी की गई है। बाहर से आने वालों को प्रशासन के कोरोना कंट्रोल रूम के नंबर 0571-2420100, 0571-2420101 पर फोन कर अपने आगमन के विषय में जानकारी देना आवश्यक किया गया है।