मलिक चौक में शराब के ठेके का विरोध थम नहीं रहा। तीसरे दिन रविवार को सुबह-सुबह भी महिलाओं ने ठेके के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। जहां पहुंची महापौर ने भी ठेका मालिक को वहां से कहीं और दुकान शिफ्ट कराने के लिए हिदायत तक दे डाली।
इसी बीच आबकारी टीम भी पहुंच गई। जहां पब्लिक को समझाकर शांत किया और तय हुआ कि अधिकारियों से वार्ता कर दुकान विरोध स्थल से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करा दी जाएगी। तब जाकर हंगामा शांत हुआ।
पिछले कई दिन से मलिक चौक में खुले शराब के ठेके का वहां के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया था। इससे क्षेत्र के माहौल पर प्रभाव पड़ रहा था। आने-जाने वाली लड़कियों से छींटाकशी की जा रही थी। पिछले दो दिन से ठेेके को लेकर महिलाएं सड़क पर आ गईं थीं। उन्होंने हाथ में डंडा लेकर प्रदर्शन भी शुरू कर दिया था। बार-बार यही आश्वासन मिल रहा था कि जल्द ही दुकान कहीं और शिफ्ट करा दी जाएगी।
रविवार सुबह दुकान खुली तो महिलाओं में फिर आक्रोश पनप गया। सड़क पर उतरकर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। खबर मिलते ही महापौर शकुंतला भारती भी पहुंच गईं। जिन्होंने महिलाओं की मांग का समर्थन करते हुए वहां पहुंचे शराब दुकान मालिक से कहा कि इस स्थान से जल्द ही दुकान शिफ्ट करा लो, अन्यथा महिलाओं के साथ वह भी आन्दोलन के लिए बाध्य होंगी।
बाद में आबकारी अधिकारियों की टीम भी पहुंची और दुकान शिफ्ट न होने तक न खुलना तय हुआ। तब जाकर हंगामा शांत हुआ।