उत्तर प्रदेश मंत्री नंद गोपाल नंदी का माला पहनाकर स्वागत करते जिलाध्यक्ष ऋषिपाल
- फोटो : CITY OFFICE
प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने कहा कि भाजपा नहीं, अखिलेश यादव धर्म विशेष की राजनीति करते हैं। वह मुस्लिमों को डरा कर वोट लेने का काम करते हैं। वह चाहते हैं कि मुस्लिम समाज का बेटा पंचर, स्कूटर एवं एसी बनाता रहे।
उड्डयन मंत्री बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। वह व्यापारी समाज एवं वैश्य समाज के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन ‘आगाज 2022’ के सिलसिले में अलीगढ़ आए थे। भाजपा पर लग रहे धर्म विशेष की राजनीति करने के सवाल पर कहा कि सवाल करने वाले लोग खुद कठघरे में खड़े हैं। मुलायम सिंह यादव ने टीपू को राजगद्दी सौंप कर टीपू सुल्तान बना दिया। अखिलेश यादव ने पांच साल लैपटॉप एवं वीडियो गेम खेलने में गुजार दिए। वोट के लिए जिन्ना को आदर्श बता रहे हैं। कोविड रोधी वैक्सीन को भाजपा का वैक्सीन बताकर लेने से इंकार कर दिया। हालांकि थूक कर चाटे भी। मुलायम सिंह यादव को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने बेटे द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के लिए भाजपा ने काम किया है।
नववर्ष में मिलेगी अलीगढ़ को एयरपोर्ट की सौगात
नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि अलीगढ़ एयरपोर्ट पर 95 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो गया है। सुरक्षा एवं लाइसेंस के मामले में कुछ जिम्मेदार अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने संकेत दिए कि जनवरी के प्रथम या दूसरे सप्ताह में अलीगढ़ एयरपोर्ट का उद्घाटन हो सकता है। नंदी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कुल नौ एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। प्रदेश में तीन अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे हैं। आठ एयरपोर्ट से 62 घरेलू उड़ानें और 12 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित हैं। पांच एयरपोर्ट पर 95 प्रतिशत से ज्यादा निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। चार हवाई अड्डों के लिए भूमि लेने की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश देश भर में पहला राज्य होगा जहां पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट संचालित होंगे। उन्होंने कहा कि 2017 में सरकार बनने से पहले जहां चार एयरपोर्ट संचालित हो रहे थे, वहीं साढ़े चार साल के कार्यकाल में नौ एयरपोर्ट संचालित कर प्रदेश के विकास को एक नई उड़ान मिल रही है। प्रदेश सरकार ने अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर अल्पसंख्यक समुदाय की तरक्की को एक नई दिशा दी है। नंदी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उत्तर प्रदेश को जेवर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सौगात देकर प्रदेश का नाम विश्व पटल पर रोशन करने का काम किया गया है। दुनिया के चौथे सबसे बडे़ जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास के बाद 2024 से पहले उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी।
व्यापारियों को दिया वैश्य सम्मेलन में आने का न्योता
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि 8 जनवरी को कानपुर में व्यापारी एवं वैश्य समाज का विशाल सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने वैश्य समाज एवं व्यापारी समाज के लोगों को कानपुर आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथ में देश एवं प्रदेश सुरक्षित है। प्रधानमंत्री देश को एक ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने का सपना देख रहे हैं। प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया है। निवेश के लिए उत्तम माहौल बनाया है। कैबिनेट मंत्री बाद में व्यापारियों से मिले और समस्याओं पर चर्चा की। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह, शिवनारायण शर्मा, सौरभ अग्रवाल सिक्ससंस, राकेश साईं, धर्मेंद्र चौधरी आदि उपस्थित थे। राकेश साईं ने गद्दा भेंट कर मंत्री का अभिनंदन किया।