तहसील कोल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उप निबंधक (प्रथम) से मुलाकात की। एसोसिएशन के अध्यक्ष ओपी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के पीछे का सच कुछ और है।
अलीगढ़ की तहसील कोल के निबंधन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) में रजिस्ट्री के नाम पर वसूली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। एआईजी स्टांप ने जांच के आदेश देते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
इस घटनाक्रम के बीच तहसील कोल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उप निबंधक (प्रथम) से मुलाकात की। एसोसिएशन के अध्यक्ष ओपी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो के पीछे का सच कुछ और है। उनके अनुसार, दो पक्षों के आपसी विवाद के कारण यह वीडियो बनाया और सार्वजनिक किया गया है।
ओपी शर्मा ने स्पष्ट किया कि मामला उपहार विलेख से संबंधित है, जिसमें नियमानुसार मात्र पांच हजार रुपये का स्टांप लगता है। ऐसे में भ्रष्टाचार के आरोपों में सत्यता कम और आपसी रंजिश अधिक नजर आती है। विभागीय अधिकारी वीडियो के साक्ष्यों और बार एसोसिएशन के दावों की पड़ताल कर रहे हैं। एआईजी स्टांप ब्रजेश कुमार कहते हैं कि प्रकरण की जांच की जा रही है।