दिवाली की रौनक के बीच अलीगढ़ की हवा में जहर घुलने लगा है। शहर की आबोहवा लगातार बिगड़ रही है। बुधवार सुबह प्रदूषण ने ऐसा रिकॉर्ड बनाया कि अलीगढ़, दिल्ली के बाद देश में दूसरे सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया।
सुबह 10 बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 648 तक पहुंच गया। यह स्तर हवा की बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है। हालांकि शाम होते-होते एक्यूआई में कुछ गिरावट आई और यह 348 पर आ गया।
वायु प्रदूषण की इस खतरनाक स्थिति का असर सड़कों पर भी नजर आने लगा है। शहर में जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं और धूल का गुबार उड़ रहा है, वहां से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो रहा है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषित कणों के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली से पहले ही हालात चिंताजनक हो गए हैं।
नवंबर का महीना इस साल अब तक सबसे प्रदूषित साबित हो रहा है। एक्यूआई के आंकड़े उपलब्ध कराने वाली वेबसाइट एक्यूआई डॉट इन के मुताबिक नवंबर की शुरुआत में ही महीने का औसत एक्यूआई 348 दर्ज किया गया है। इससे पहले के महीनों की तुलना में यह स्थिति ज्यादा खराब है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विश्वकर्मा शर्मा का कहना है कि इस मौसम में वातावरण में नमी कम होने लगती है। इसके चलते धूल का प्रभाव बढ़ जाता है और हवा की गुणवत्ता प्रभावित होती है।
उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए एएमयू के मापन आंकड़ों पर निर्भर रहना पड़ता है। शहर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अपना वायु गुणवत्ता मापन स्टेशन नहीं है।