महाराजा अग्रसेन के स्वरुप के साथ कस्बा के व्यापारी। संबाद
- फोटो : samvad
महाराजा अग्रसेन की 5149वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को राधाकृष्ण मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। महाराजा अग्रसेन की धर्मपत्नी माधवी, भगवान शिव, मां सरस्वती, हनुमानजी, बालाजी, श्रीगणेश, बांकेबिहारी, रामलला सहित विभिन्न देवी-देवताओं और 18 राजकुमारों की झांकियां शोभायात्रा में शामिल रहीं।
छह वर्ष के अंतराल के बाद अग्रवाल युवा समिति की ओर से महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई थी। शुभारंभ शाम करीब साढ़े छह बजे मथुरा रोड से हुआ। युवक-युवतियां बैंड-बाजों और डीजे पर थिरकते हुए चल रहे थे। अलीगढ़ रोड, मुख्य चौराहे से पुरानी तहसील रोड होते हुए पथवारी मंदिर, गोंड़ा रोड, बनवारीलाल मार्केट, सासनी रोड व मुख्य चौराहे पर होते हुए हाथरस रोड स्थित रामलीला मैदान पर पहुंची।
रास्ते में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। व्यापारियों ने रास्ते पर अपने प्रतिष्ठानों के सामने तोरण द्वार सजाए थे। जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई थी। अग्रवाल युवा समिति के कार्यकर्ता पुलिस के साथ शोभायात्रा के दौरान सहयोग में रहे। रात करीब दस बजे शोभायात्रा कार्यक्रम का समापन हुआ।