आगरा पुलिस की एसओजी टीम ने शनिवार को नगर के चूड़ी मार्केट स्थित एक सराफा प्रतिष्ठान पर छापा मारा। इस दौरान भीड़ एकत्रित हो गई। आगरा एसओजी टीम ने कुछ भी बताने से स्पष्ट इन्कार कर दिया। अफसरों ने कहा कि एक प्रकरण में अभी पूछताछ कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार आगरा एसओजी की टीम सराफा व्यवसायी के यहां दोपहर में पहुंची। वहां बैठे एक युवक से पूछताछ करने लगी। बातचीत देखकर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। ज्ञात हुआ कि एसओजी टीम ने शुक्रवार की रात इसी मोहल्ले के एक युवक को शक के आधार पर पंत चौराहे से पकड़ा था। रात्रि में उससे पूछताछ की थी। इस पूछताछ के बाद शनिवार दोपहर टीम सराफा व्यवसायी की दुकान पर पहुंची। नगर के कई सराफा कारोबारी मौके पर पहुंच गए और एसओजी टीम से बात करने लगे। सिकंदराराऊ के कोतवाल विजय सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी की जा रही है।