यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में सोमवार को अंतिम दिन पेपर समाप्त होने के बाद कुछ छात्रों ने एक अध्यापक को रास्ते में घेर लिया। नकल न करने देने से नाराज छात्रों ने शिक्षक की पिटाई की। शिक्षक ने शोर मचाया तो जिस पर लोग दौड़कर पहुंचे और उन्हें बचाया। मारपीट करने वाले छात्र लोगों को देखकर भाग निकले। सीसीटीवी के जरिए इन छात्रों की पहचान कर केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस व उच्चाधिकारियों को पीड़ित की ओर से सूचना दी गई है।
चौधाना स्थित विद्या सदन इंटर कॉलेज में सोमवार को प्रथम पाली में यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल का कला विषय का अंतिम पेपर था। पेपर समाप्त होने के बाद इस्माइलपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल के अध्यापक संजय कुमार बाइक से लौट रहे थे। कॉलेज गेट से निकलते ही पहले से इंतजार में खड़े कुछ छात्रों ने घेरकर उन्हें बाइक समेत गिरा लिया और मारपीट करने लगे। इस पर शिक्षक संजय कुमार ने शोर मचाया तो अन्य शिक्षक मदद के लिए दौड़े जिस पर मारपीट करने वाले छात्र भाग निकले।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी छात्रों की पहचान कर पुलिस को बताया गया। पीड़ित अध्यापक संजय कुमार के अनुसार 26 फरवरी को परीक्षा के दौरान आपस में बात कर नकल कर रहे छात्रों को उन्होंने डांटा था। उन्हीं छात्रों ने मारपीट की है। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। केंद्र व्यवस्थापक डॉ. अनूप शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम व जिला प्रशासन को अवगत करा दिया गया है। हमलावर छात्रों पर विधिक कार्रवाई होनी चाहिए। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र पंवार ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।