आपने वर्ष 2012 के निकाय चुनाव में जिस पोलिंग बूथ पर वोट डाला है तो आप आश्वस्त नहीं हो सकते कि वोट उसी बूथ पर पड़ेगा। किस बूथ की वोटर लिस्ट में आपका नाम है यह जानने के लिए आपको सात नवंबर तक का इंतजार करना होगा।
दरअसल नामांकन के अंतिम दिन तक वोटर लिस्ट में नाम बढ़वाने, संशोधन एवं परिवर्तन का काम होना है। इसके बाद वोटर लिस्ट अपडेट होगी। जिन बूथों पर वोटरों की संख्या ज्यादा है, उन बूथों का विघटन कर नए बूथ बनाए जाएंगे। इस प्रक्रिया में कुछ वोटरों के नाम इधर से उधर होने की प्रबल संभावना है।
बताते चलें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निगम व नगर पालिका क्षेत्र मेें 1500 से ज्यादा मतदाताओं वाले बूथों का विघटन कर मतदाताओं को दूसरे पोलिंग स्टेशन पर शिफ्ट करने का आदेश दिया है। नगर पंचायतों में 1200 से ज्यादा मतदाताओं वाले बूथ विघटित होंगे।
रिटर्निंग अफसर नगर निकाय एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व बच्चू सिंह ने स्वीकार किया कि नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में 1500 से ज्यादा मतदाताओं वाले बूथों का विघटन होगा। इनके मतदाता दूसरे बूथ अथवा मतदाता केंद्र पर शिफ्ट कर दिए जाएंगे। कुछ नए मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे। जबकि नगर पंचायत क्षेत्र में 1200 से ज्यादा मतदाताओं वाले बूथों का विघटन होगा। यह काम सात नवंबर को नामीनेशन की अंतिम तिथि के बाद होगा।
31 अक्तूबर को होगा अंतिम प्रशिक्षण
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत कौशल कुमार ने बताया कि निकाय चुनावों के लिए आरओ एवं एआरओ का एक प्रशिक्षण हो चुका है। अंतिम प्रशिक्षण 31 अक्तूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में होगा।