अलीगढ़ में 15 दिन से अधिवक्ता हड़ताल पर थे। प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अधिवक्ताओं ने काम पर लौटना शुरू कर दिया है। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने तहसील कोल पहुंचकर अधिवक्ताओं को लिखित में भरोसा दिलाया कि फ्रंट ऑफिस के संबंध में शासन से कोई आदेश नहीं आया है।
अलीगढ़ जिले की तहसीलों में फ्रंट ऑफिस खोले जाने के विरोध में चल रही तहसील अधिवक्ताओं की हड़ताल 15 दिन बाद समाप्त हो गई है। पहले दिन 8 मई को जिले की पांचों तहसीलों में कुल 288 बैनामे दर्ज किए गए।
विज्ञापन
इससे पहले तहसील राजस्व बार एसोसिएशन और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद 8 मई को अधिवक्ता अपने काम पर वापस लौट आए। गौरतलब है कि तहसीलों के निबंधन कार्यालयों के साथ ही फ्रंट ऑफिस के विरोध में तहसील राजस्व बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित सभी अधिवक्ता पिछले महीने 22 अप्रैल से हड़ताल पर थे।
7 मई को एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने तहसील कोल पहुंचकर अधिवक्ताओं को लिखित में भरोसा दिलाया कि फ्रंट ऑफिस के संबंध में शासन से कोई आदेश नहीं आया है। तहसील राजस्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सिंह तेवतिया ने बताया कि प्रशासन की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद 8 मई से अधिवक्ताओं ने काम पर लौटना शुरू कर दिया है।