सूचना पर डीआईजी शलभ माथुर, एसएसपी कलानिधि नैथानी, कार्यवाहक एसपी सिटी मुकेश चंद्र उत्तम, सीओ तृतीय एके सिंह, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस संजय जायसवाल आदि मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलित कराए गए। इस दौरान परिवार की ओर से बातचीत के बाद नामजद तहरीर दी गई। जांच व तहरीर के आधार पर जमीन के विवाद में हत्या होना उजागर हुआ, इस आधार पर तीन नामजद गिरफ्तार कर लिए गए। पत्नी सीमा की ओर दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
बिफरे अधिवक्ताओं ने लगाया जाम, गिरफ्तारी की बात सुन हुए शांत
दीवानी में जैसे ही अधिवक्ता की हत्या की खबर पहुंची तो अधिवक्ता आक्रोशित हो उठे। हालांकि, मो. मुगीज सिविल बार के सदस्य के तौर पर पंजीकृत थे। मगर दोनों बार के अधिवक्ता आंदोलन का रुख अख्तियार करते हुए दीवानी के बाहर मुरादाबाद हाईवे पर जाम लगाकर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान कई युवा व बुजुर्ग अधिवक्ता शामिल रहे। उन्होंने गिरफ्तारी व फांसी की मांग उठाते हुए नारेबाजी की।
एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग उठी। हालांकि उन्हें जब वहां पहुंचकर एडीएम सिटी, एसपी सिटी आदि ने बताया कि प्राॅपर्टी विवाद में हत्या हुई है और तीन लोग गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इस पर अधिवक्ता शांत हो गए और जाम खत्मकर वापस दीवानी में चले गए। सिविल बार एसोसिएशन के प्रस्ताव पर दीवानी में पूरे दिन अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
एएमयू के बगल से जा रहे डेंटल कॉलेज रोड पर अधिवक्ता की जमीन के विवाद में हत्या की गई है, जिसमें तीन नामजदों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी की तलाश जारी है। साथ ही, सभी साक्ष्यों को संकलित करने के साथ अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है। - कलानिधि नैथानी, एसएसपी अलीगढ़