बिजौली ब्लॉक के एडीओ पंचायत रंजीत सिंह (50) का मंगलवार की रात दिल्ली के अपोलो हास्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। कुछ दिन पहले ही गंगीरी चौराहे पर एक पैथ लैब में जांच के दौरान उन्हें डेंगू होने की जानकारी हुई थी।
एडीओ पंचायत रंजीत सिंह गंगीरी के गांव हिदरामई के निवासी थे। आठ दिन पहले पिता का निधन होने पर वह गंगीरी चौराहा स्थित अपने घर आए थे। पिता का अंतिम संस्कार करने के दूसरे दिन ही रंजीत सिंह को बुखार आया। इस पर उन्होंने गंगीरी चौराहा स्थित एक पैथ लैब में जांच कराई जिसकी रिपोर्ट में उन्हें डेंगू बताया गया।
इसके बाद परिवार वालों ने उन्हें अलीगढ़ शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां पर तीन दिन तक इलाज चलने के बाद मंगलवार को हालत बिगड़ी तो दिल्ली के अपोलो हास्पिटल के लिए रेफर कर दिया गया था, जहां मंगलवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके शव को अलीगढ़ शहर स्थित आवास पर लाया गया जिसके बाद परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।