अलीगढ़। खटीकान मोहल्ले में बवाल प्रकरण में पुलिस-प्रशासनिक स्तर से सख्ती शुरू हो गई। इसके पहले क्रम में रविवार देर रात पुलिस के स्तर से हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय, मुस्लिम समाज से जयगंज स्थित नूरी होटल के संचालक नूर अफजाल सहित करीब पचास लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक दर्जन भर लोगों को नोटिस रिसीव करा दिए गए हैं। सभी पर अलग-अलग तरह के आरोप हैं और सभी से कहा गया है कि 48 घंटे में वे अपना जवाब दें। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सीओ प्रथम डॉ. संजय के अनुसार देहली गेट थाना प्रभारी के स्तर से पूजा शकुन पांडेय को गौरव के आवास पर खड़े होकर की गई भड़काऊ बयानबाजी के चलते नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह सासनी गेट एसओ के स्तर से नूर अफजाल को महानगर में विभिन्न स्थानों पर घटनाओं को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलाने को लेकर नोटिस जारी किया गया है।
इसके अलावा खटीकान व देहली गेट इलाके के ही लोगों को बेवजह माहौल बिगाड़ने के इरादे से घटनाक्रम पैदा करने के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। अगर उनके स्तर से जवाब नहीं मिलता है तो उनके खिलाफ फिर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।