एक फूड इंस्पेक्टर को सभी बीएमसी (बल्क मिल्क सेंटर) सहायकों द्वारा 30 हजार रुपये पहुंचाने संबंधी वायरल संदेश की जांच डीएम ने एडीएम सिटी को सौंपी है। एडीएम सिटी ने मामले की जांच शुरू करते हुए जिस नंबर से संदेश आया था, उसकी तहकीकात शुरू कर दी है।
बता दें कि सूर्य प्रताप सिंह नाम के फेसबुक यूजर की ओर से स्क्रीनशॉट सहित दो नवंबर को फेसबुक पर पोस्ट लिखा गया था। इसमें उन्होंने लिखा कि यह संदेश मुझे आया है गलती से, पर इसमें रिश्वतखोरी देने की बात है। संदेश में लिखा है कि सभी बीएमसी सहायकों को सूचित किया जाता है कि फूड इंस्पेक्टर को जो हर साल पैसा जाता है। वह पैसा इस साल भी जाना है। सभी बीएमसी 30 हजार प्रति बीएमसी जाना है। सभी पीआई व डेरी वालों से 500 रुपये लेने हैं। ये पैसे कल दिनाक 3.11.2020 को अलीगढ़ ऑफिस जाना है। तो सभी से निवेदन है कि यह पैसा देने का कष्ट करें’। यह संदेश सूर्य प्रताप को मोबाइल से भेजा गया था। डीएम के मुताबिक मामले की जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर मांगी गई है। जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।