शहर में आवास और कारोबार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की दिशा में एडीए ने जमालपुर में अपना पहला मल्टीयूज प्रोजेक्ट बनाने की योजना तैयार की है। करीब 25 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित किया जाएगा।
इसके लिए प्रस्तावित भवन ग्राउंड फ्लोर के अलावा आठ मंजिल का होगा, जिसमें आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए जगह उपलब्ध कराने की योजना है। इस परियोजना के लिए चिह्नित जमीन नगर निगम की है। योजना के तहत एक ही परिसर में रहने और कारोबार करने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इससे जमालपुर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ व्यवस्थित शहरी विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। पीपीपी मॉडल के तहत प्राधिकरण और निजी क्षेत्र की भागीदारी से परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
एडीए उपाध्यक्ष कुलदीप मीणा ने बताया कि जमालपुर में मल्टीयूज प्रोजेक्ट विकसित करने की योजना है। इसमें आवासीय और व्यावसायिक सुविधाओं को एक साथ उपलब्ध कराने की अवधारणा है। इससे क्षेत्र की गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शहर के नियोजित विकास में मदद मिलेगी।