अलीगढ़ इन्वेस्टर्स समिट की जुलाई में प्रस्तावित दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में इस बार भारी बढ़त मिलने की संभावना है। पिछले साल अलीगढ़ में 11 सौ करोड़ से अधिक के निवेश के प्रस्ताव आए थे। इस साल निवेशकों की सूची में अडानी ग्रुप, फीड प्रो, जेके सीमेंट और आभा ग्रांड का नाम भी जुड़ गया है। अकेले अडानी ग्रुप के शामिल होने से निवेश की राशि बढ़कर 1600 करोड़ से अधिक हो गई है। खबर है कि अडानी ग्रुप अलीगढ़, हाथरस और बुलंदशहर में 950 करोड़ रुपए निवेश करने को इच्छुक है।
सरकार से निवेशकों के नाम मिलने के बाद जिला उद्योग केंद्र ने कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अडानी ग्रुप का सरकार के साथ नेचुरल गैस पाइप लाइन बिछाने को लेकर करार हुआ है। इसके अलावा अलीगढ़ में जेके सीमेंट भी 650 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। आभा ग्रांड और फीड प्रो कंपनी भी 9 और 10 करोड़ रुपए का निवेश कर रहे हैं।
इन्वेस्टर्स समिट के मद्देनजर अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने जिलाधिकारी एवं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर कई मामलों को सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने पत्र में महाप्रबंधक से निवेशक के पास भूमि की उपलब्धता, सारी संबंधित अनापत्तियां और मौके पर हो रहे निर्माण कार्य को लेकर जवाब मांगा है।
जिला उद्योग एवं उद्यमिता विकास केंद्र के उपायुक्त एसएन पासवान ने बताया कि अभी भौतिक सत्यापन का काम चल रहा है। सभी चारों निवेशकों को पत्राचार कर दिया गया है, जवाब आने के बाद शासन को अवगत कराया जाएगा।
यह भी देखें: