अवैध निर्माणों के खिलाफ अलीगढ़ डेवलपमेंट अथारिटी सख्ती के मूड में आ गया है। एडीए अफसरों ने सिविल लाइन इलाके में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई जा रही तीन बहुमंजिला इमारतों में सील ठोंक दी। इनमें से एक का नक्शा पास नहीं था तो दो इमारतों में नक्शे के विरुद्घ अवैध निर्माण पाया गया।
अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे एडीए अफसरों की गाज गुरुवार को सिविल लाइन इलाके में निर्माणाधीन तीन बहुमंजिला इमारतों पर गिरी। दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे एडीए अफसरों ने सबसे पहले पान वाली कोठी सिविल लाइन स्थित अनवर अहमद की दो मंजिला इमारत को निशाना बनाया। इस बिल्डिंग का नक्शा पास नहीं था। इसके बाद सिविल लाइन इलाके के ही अलहदा कंपाउंड स्थित आलिया राहत हुसैन की चार मंजिला इमारत की ओर रुख किया गया।
इस बिल्डिंग का नक्शा तो पास था, लेकिन निर्माण नक्शे से अलग पाए जाने पर इस पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। इसके बाद अहमद नगर स्थित एसएम मिसबहुद्दीन की चार मंजिला इमारत पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस बिल्डिंग में भी नक्शे से अलग निर्माण पाया गया। एडीए सचिव डीएस भदौरिया ने स्वीकार किया कि तीनों बिल्डिंगों को सील कर दिया गया है। सीलिंग की यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।