मकान व दुकान का नक्शा पास कराने में लोगों को तमाम पापड़ बेलने पड़ते थे। अब ऐसा नहीं होगा। नक्शा पास कराने के लिये अलीगढ़ विकास प्राधिकरण आपके द्वार पहुंचेगा। लोगों की सहूलियत के लिए महानगर में जगह जगह शिविर लगवाकर नक्शे पास कराए जाएंगे। वहीं, समीक्षा बैठक में कार्य में लापरवाही और निर्देशों की अवहेलना करने पर उपाध्यक्ष ने अवर अभियंता आरके गुप्ता के सभी अधिकार जब्त करते हुए तत्काल प्रभाव से ऑफिस से संबद्ध कर दिया है।
यह निर्णय मंगलवार को हुई प्राधिकरण की बैठक में लिया गया। उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि नए साल में प्राधिकरण की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए चल रहे प्रयासों के तहत नक्शा पास कराने की व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। अब प्राधिकरण नक्शा बनवाने के लिये आपके द्वार पहुंचेगा। मानचित्र पास कराने के लिये प्राधिकरण अभियान चलाकर जगह जगह कैंप लगवाएगा। इससे नक्शा पास कराने की प्रक्रिया आसान होगी तो जनता के मुताबिक प्राथमिकता पर नक्शा पास हो सकेगा। जन जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने अधीनस्थों को हिदायत दी कि नक्शा पास कराने आए लोगों को कोई परेशानी होती है तो संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई होगी। उपाध्यक्ष ने महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर मानचित्र बनवाने के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।