ग्रेटर नोएडा के जेपी ग्रीन्स सोसाइटी में अलीगढ़ को आवंटित टीका लगाने के प्रकरण में अब तक की कार्रवाई से एडी हेल्थ संतुष्ट नहीं है। उनका मानना है कि इसमें और कार्रवाई की आवश्यकता है। एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दुर्गेश कुमार से इस संबंध में बातचीत की है।
उनका कहना है कि नौरंगाबाद शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 32 वॉयल कम मिले थे। इसके लिए जिम्मेदार कौन है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी बताएं कि वॉयल कहां गए। इस संबंध में स्पष्ट आदेश है कि जितने वॉयल लेंगे, उतने वापस करेंगे। डॉ. दुर्गेश कुमार का कहना है कि इस संबंध में वे सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, नौरंगाबाद यूपीएचसी की प्रभारी व दो स्वास्थ्यकर्मियों से जवाब-तलब कर चुके हैं। उल्लेखनीय है कि मई के अंतिम पखवाड़े में अलीगढ़ को आवंटित कोविड टीका ग्रेटर नोएडा में लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। इस मामले में ग्रेटर नोएडा एवं अलीगढ़ में एफआईआर भी दर्ज है, लेकिन अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है कि आखिर इसके लिए दोषी कौन है। सतही तौर पर नौरंगाबाद की संविदा पर तैनात स्टाफ नर्स को सेवा से हटा दिया गया है और प्रभारी का कहीं और स्थानांतरण कर दिया गया है।