जिले में अब बच्चा चोरी की अफवाह और उसके बाद भीड़ द्वारा मारपीट पर सख्त कार्रवाई होगी। इसे लेकर एसएसपी ने प्लान तैयार कर थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं। जिसमें जिले में घूम रहे मानसिक रूप से कमजोर को चिह्नित कर उन्हें परिजनों या अस्पतालों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने इसे लेकर कहा है कि लोग बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर एक दम से उग्र न हों। बेवजह किसी को पीटने से बचें। अगर कोई संदिग्ध समझ में आ रहा है तो निगरानी करते हुए पुलिस बुला लें। ताकि उस पर जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई हो सके। अगर कोई अफवाहों को बढ़ावा देने और बेवजह मारपीट करने का काम करेगा तो उस पर कार्रवाई होगी। इसी क्रम में उन्होंने थाना प्रभारियों को सतर्कता व तत्काल मुकदमा आदि के निर्देश दिए हैं। लापता व गुमशुदा बच्चों को लेकर भी सतर्कता से कार्रवाई को कहा है। इसके अलावा इस काम में पीस कमेटी, पुलिस पेंशनर्स, ग्राम समितियों व संभ्रांत लोगों की मदद लें। अफवाहों को नियंत्रित करने के लिए लोगों में विश्वास बढ़ाएं।