कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों को लेकर जिला पुलिस सतर्क हो गई है। ऐसे लोगों के सोशल मीडिया अकाउंट पर निगाह रखी जा रही है। लोगों को चेतावनी देते हुए एसएसपी मुनिराज जी ने सोशल मीडिया पर मुहिम छेड़ दी है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी अकाउंट पर निगरानी को साइबर सेल को लगाया गया है। इसके साथ ही एसएसपी ने लोगों से अपील भी की है वह अपने घर या आस पड़ोस में बाहर से आए लोगों की सूचना भी पुलिस को देकर सहयोगी बने। खासकर जमात से लौटे व्यक्तियों पर सतर्कता से निगाह रखें।
पुलिस की चेतावनी
-सोशल मीडिया पर कोरोना वायरस संबंधी किसी भी भ्रामक जानकारी को न फैलाएं। वरना कानूनी कार्रवाई होगी।
-जिले के सभी सोशल मीडिया अकाउंट पर निगाह रखी जा रही है। हर किसी पर पुलिस की नजर है।
-अफवाहों भरे संदेश शेयर करने वाले के खिलाफ भी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होगा।
-पुलिस-प्रशासन को जानकारी मिलती है कि सूचना छिपाई गई है तो राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
-आपके घर/पड़ोस या आसपास किसी संस्था/धार्मिक स्थल में कोई भी व्यक्ति किसी भी अन्य जनपद/राज्य/विदेश से आया है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस-प्रशासन को दें।
-किसी भी प्रकार से सूचना छुपाएं। नहीं ऐसे व्यक्ति का केवल मेडिकल चेकअप किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल ट्रीटमेंट किया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
-पुलिस-प्रशासन आपके साथ है आपके लिए है। आपको समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
-सभी सूचनाएं पुलिस को दें। कोई सूचना न छिपाई जाए। हम आपको पूर्ण विश्वास दिलाते हैं आपकी पूरी मदद की जाएगी।
फायर ब्रिगेड की टीमों ने चलाया सैनिटाइजिंग अभियान
फायर ब्रिगेड की टीमें भी कोरोना वायरस की रोकथाम को सैनेटाइजिंग अभियान में सहभागिता को मंगलवार को शहर की सड़कों पर उतर आईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि टीमों ने नुमाइश मैदान फल व सब्जी विक्रय स्थल, राजा महेंद्र प्रताप पार्क चौराहा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय, फायर स्टेशन पुलिस लाइन, महिला थाना, पुलिस कैंटीन आदि कार्यालयों को सैनिटाइज किया।