छेड़खानी के ढाई साल पुराने मुकदमे में वांछित नामजदों ने अब दंपती को जिंदा जलाने की धमकी देकर सनसनी मचा दी है। मामला सासनीगेट इलाके से जुड़ा है। यहां की निवासी पीडि़त महिला ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र लिख कर मदद की गुहार लगाई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि 26 अप्रैल 2018 को उसके साथ जिन आरोपियों ने छेड़खानी की थी, उसका मुकदमा अपराध संख्या 280/18 के अंतर्गत धारा 147, 323, 354 ख, 452, 504 और 506 के तहत दर्ज है। जिसमें सात नामजद आरोपी हैं। इन लोगों ने उसके साथ बदतमीजी की थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की है।
जिससे उन सभी के हौसले बुलंद हैं। वह आए दिन उसको और उसके पति को जिंदा जलाने की धमकी देते हैं। उक्त सभी आरोपी उसके मकान पर कब्जा कर उन सभी को बाहर निकालना चाहते हैं। पुलिस अधिकारियों को लगातार शिकायत करने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। ऐसे में उसके परिवार के साथ कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है। ब्यूरो