अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में सक्रिय रहकर अपराध करने वाले अपराधी मयंक ठाकुर को 9 मई दोपहर पुलिस ने एएमयू सर्किल से दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े जाने के समय वह एएमयू से ही कार में सवार होकर निकल रहा था। मुखबिरी पर पहले से लगी पुलिस ने उसे घेर लिया। हालांकि उसने कार सहित भागने की कोशिश की। मगर ठंडी सड़क पर उसे पकड़ लिया गया।
ये घटना बीते माह 26 तारीख की है। क्वार्सी शताब्दी नगर का एएमयू का बीएएलएलबी छात्र वरुण कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया था कि वह मौलाना आजाद लाइब्रेरी की पार्किंग में खड़ी अपनी स्कूटी लेकर निकल रहा था। तभी सफेद रंग की स्कॉर्पियो गलत दिशा से आकर वहां रुकी। इस पर वरुण ने उसे टोक दिया।
तभी उसमें से एक युवक बाहर निकला व हाथ में पिस्टल लेकर बोला कि तू हमें जानता नहीं। हमारा नाम मयंक ठाकुर है। यह कहते हुए युवक ने फायरिंग कर दी। इस घटना के संबंध में मुकदमे के आधार पर जब सीसीटीवी देखे गए तो अपराधी की पहचान धनीपुर के मयंक ठाकुर के रूप में हुई जो इस घटना से दस दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। उस पर गैंगस्टर आदि के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एएमयू में ही छिपा था, निकलते ही दबोचा
इधर, उसे पकड़ने के लिए एसओजी व सर्विलांस टीम लगी थी। 9 मई को उसके एएमयू से निकलकर कचहरी वारंट तुड़वाकर जेल लाने की खबर थी। इस सूचना पर टीम एएमयू सर्किल पर लग गई। तभी एक कार में वह आता दिखा। पहले उसकी कार सर्किल पर रोकने का प्रयास हुआ। मगर वह तेजी से गाड़ी लेकर ठंडी सड़क की ओर भागा। मगर टीम ने उसकी गाड़ी को घेर लिया। पकड़ कर थाने लाया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने उसे पकड़े जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार को उसे जेल भेजा जाएगा। वह एएमयू फायरिंग व गैंगस्टर में वांछित है।